'राष्ट्र प्रथम या निजी स्वार्थ?' टिकट न मिलने पर बागी हुए नेताओं पर कार्यकर्ताओं का तीखा हमला | TNC
जयपुर नगर निगम चुनाव के अंतिम चरण में विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 15 में चुनावी सरगर्मी तेज है। ‘द न्यूज के नब्ज’ के विशेष चुनावी इंटरव्यू में भाजपा के अधिकृत पार्षद प्रत्याशी विक्रम सिंह शेखावत ने क्षेत्र के विकास कार्यों, आगामी योजनाओं और चुनावी विजन पर विस्तार से बात की।
विक्रम सिंह शेखावत ने दावा किया कि वार्ड और आसपास के क्षेत्र में 74 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए गए हैं, जिनमें सड़क निर्माण, जल निकासी, सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रीट लाइट और पानी की टंकियों के काम शामिल हैं। गर्ग का बालाजी और सीकर रोड क्षेत्र में जलभराव की समस्या के समाधान के साथ वार्ड को स्वच्छ, सुरक्षित और हराभरा बनाने की योजना भी साझा की गई।
प्रत्याशी ने डोर-टू-डोर कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, महिला सुरक्षा के लिए CCTV नेटवर्क और सरकारी स्कूलों के सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता बताया। साथ ही खाटू श्यामजी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए चौमूं पुलिया से 14 नंबर तक समर्पित वॉकवे बनाने की योजना का भी जिक्र किया गया।
इंटरव्यू में भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों को लेकर भी चर्चा हुई। पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठन की एकजुटता, अनुशासन और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान की अपील की।
देखिए वार्ड 15 की चुनावी जमीन से पूरी बातचीत और जानिए—विकास के दावों, चुनावी वादों और स्थानीय मुद्दों पर क्या है भाजपा प्रत्याशी विक्रम सिंह शेखावत का विजन।
